सहकारी समिति धेन्सा नानकार के सामने किसानों ने सड़क जाम कर दी।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
यूरिया की किल्लत से नाराज किसानों ने सड़क जाम की
धेंसा। यूरिया के लिए सहकारी समिति का चक्कर काट रहे किसानों ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे को जाम कर नारेबाजी की। काफी मान-मनौव्वल के बाद किसानों को गुस्सा शांत हुआ और दोपहर बाद यूरिया बंटनी शुरू हुई। कम मात्रा में आई यूरिया से किसानों की जरूरत पूरी नहीं हुई। कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
डीएपी के बाद यूरिया की किल्लत झेल रहे किसानों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसकी एक बानगी शुक्रवार को देखने को मिली। भोर से ही लाइन में खड़े किसानों को जब यूरिया नहीं मिली तो उनका सब्र टूट गया। धेंसा समिति के सामने गुस्साए किसानों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। क्षेत्र के महदेवा, पारानानकार, कपिया मिश्र, पलिया, सेमरियांव आदि गांवों के किसानों ने जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसमें काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं।
लोगों ने आरोप लगाया कि रकम पहले से जमा होने के बाद भी सचिव यूरिया का वितरण करने में आनाकानी करते हैं। जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसओ शोहरतगढ़ हरिश्चंद्र ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों की तैनाती कर यूरिया बंटवाने की व्यवस्था बनाई। इस बीच चिल्हिया थाना पुलिस भी स्थिति को संभालने के लिए पहुंच गई। उसके बाद तीन बजे के आस-पास खाद का वितरण शुरू हो पाया।