सिद्धार्थनगर। राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अब रोजगार का हुनर भी सिखाया जाएगा। इंटर के छात्र-छात्रा अपनी मनपसंद ट्रेड से व्यावसायिक प्रशिक्षण भी ले सकेंगे। नए सत्र से व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को दिया जाएगा। उप्र कौशल विकास मिशन योजना के तहत जिले में मौजूद 18 राजकीय इंटर कॉलेजों में पांच ट्रेड्स में प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।
जिले में मौजूद 18 राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को शिक्षा क्षेत्र के साथ हुनर की पढ़ाई भी कराई जाएगी। इसके लिए सभी इंटर कॉलेजों में नए सत्र से प्रशिक्षण शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए कौशल विकास के तरफ से छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण देने के लिए सभी व्यवस्थाएं दी जाएंगी।
विज्ञापन
नए सत्र में कक्षा 11 में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी व्यावसायिक ट्रेड की ट्रेनिंग ले सकेंगे। विद्यार्थियों को दो वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इंटर पास होने के बाद विद्यार्थियों को प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। आइटी ट्रेड में विद्यार्थियों को कंप्यूटर तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
फल एवं खाद्य संरक्षण, टेक्सटाइल डिजाइन, कॉन्फेक्शनरी बेकिंग की भी ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रवेश लेने वाले छात्रों का प्रशिक्षण लक्ष्य आते ही शुरू हो जाएगा।