शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई : कमिश्नर
सिद्धार्थनगर। मंडलायुक्त गोविंद राजू ने कहा कि शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बांसी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में सुनवाई करने के बाद मातहतों को हिदायत दी।
बांसी में आईजी अनिल कुमार राय की मौजूदगी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 44 लोगों ने फरियाद की। पांच मामलों का निस्तारण मौके पर किया गया। इसमें दो राजस्व, दो पूर्ति विभाग, एक समाज कल्याण विभाग का मामला था। इस अवसर पर एसडीएम जग प्रवेश, सीओ अरुण चंद्र, खंड विकास अधिकारी बांसी सुशील कुमार पांडेय, मिठवल रघुनाथ सिंह आदि मौजूद थे।
नौगढ़ तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर सुनवाई करते हुए डीएम दीपक मीणा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गरीबों, असहायों को उचित एवं त्वरित न्याय दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। किसी भी पीड़ित व्यक्ति को उचित न्याय दिलाना हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है। किसी भी विभाग का तहसील दिवस का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए। यदि किसी भी भी विभाग का प्रकरण लंबित पाया जाएगा तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस एवं विकास समेत अन्य विभागों से संबंधित 45 लोगों ने फरियाद की।
मौके पर राजस्व के तीन मामलों का निस्तारण किया गया। शेष मामलों के तीन दिन के अंदर संबंधित विभागों को निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एएसपी सुरेश चंद्र रावत, उपकृषि निदेशक लाल बहादुर यादव, जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्र आदि मौजूद रहे।