सब्जी की दुकानों पर छापा, चार नमूने संग्रहीत
कृत्रिम रूप से रंग कर बेचने वाले सब्जियों के खिलाफ अभियान
जिला मुख्यालय के सब्जी मंडी में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जनमानस को सुरक्षित एवं बिना रंगी सब्जियों उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर से विशेष अभियान चलाने का निर्देश मिला है। एक सप्ताह तक चलने वाले अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मुख्यालय पर सब्जियों की दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान चार नमूने संग्रहीत कर जांच के लिए भेजा गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से समस्त अभिहित अधिकारियों को भेजे गए पत्र में मौसम के दृष्टिगत उपभोग की जाने वाली सब्जियों में अत्यधिक कीटनाशकों व खनिज तेलों के प्रयोग से उन्हें चमकाने एवं कृत्रिम रूप से रंगे जाने की संभावना बढ़ जाती है। इसकी रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। पत्र के मुताबिक धनिया, मेथी, पालक, पत्तागोभी, परवल, ब्रोकली, हरी मटर, करेला, तोरई व बैगन व अन्य पत्तेदार सब्जियों को कृत्रिम रूप से रंगे जाने की रोकथाम के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।
शनिवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय तिवारी की अगुवाई में जिला मुख्यालय स्थित थोक व फुटकर सब्जियों की दुकानों पर छापा मारा। इस मौके पर चार नमूने संग्रहीत किए गए, उनमें परवल, भिंडी, करेला व शिमला मिर्च शामिल थे। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय यादव, प्रतिमा उपाध्याय, कमलेश्वर, इंद्रदेव शामिल रहे।