‘अपराध पर नियंत्रण के लिए अपराधियों पर करें कार्रवाई’
उसका बाजार। एएसपी सुरेशचंद रावत ने रविवार देर शाम उसका बाजार थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान वह थाने में उपलब्ध शस्त्रों, दंगा निरोधक उपकरणों व हथकड़ी इत्यादि की पर्याप्तता एवं क्रियाशीलता जांची। सबसे पहले वह थाने के शस्त्रागार में पहुंचे। वहां उन्होंने प्रत्येक शस्त्रों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आपात स्थिति में उनके क्रियाशील रहने की स्थिति को स्वयं परखा। इसके बाद उन्होंने माल मुकदमा और पुराने अभिलेखों के रखरखाव को देखा।
उन्होंने थाने की बैरक, शौचालय और परिसर में सफाई के लिए निर्देशित किया। निर्माणाधीन विवेचना रूम व आरक्षी हॉस्टल को इस माह के अंत तक पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। मेस में पहुंचकर वह आरक्षियों को मिलने वाले भोजन को गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क व जन शिकायत के प्राप्त प्रार्थनापत्रों का निस्तारण प्रत्येक दशा में 48 घंटे में पूर्ण कराए जाने के निर्देश एसओ अजय कुमार सिंह को दिए।
उन्होंने ग्राम अपराध रजिस्टरों से गांव के बदमाश का सत्यापन 15 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश सभी उपनिरीक्षकों को दिए। वाहन चोरी व पशु तस्करी करने वाले अपराधियों पर योजनाबद्ध व कठोर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस सख्त और आमजन के लिए मित्रवत रवैया अपनाए, जिससे लोगों में पुलिस को लेकर विश्वास का भाव पनपे और वे अपनी समस्या बेझिझक पुलिस को बता सकें।