पैर फिसलने से तालाब में गिरा, मौत
गाय को भगा रहा था युवक, त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मझौवा गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मझौवा गांव में घर के सामने आई गाय को भगाने गया एक युवक तालाब में गिर गया। मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की लेकिन डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी प्रयास के बाद तालाब से उसे निकाला गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
क्षेत्र के मझौवा गांव निवासी संदीप तिवारी उर्फ भीम (24) पुत्र दिलीप तिवारी बुधवार सुबह लगभग 11 बजे घर के पास तालाब के किनारे पशुओं को हांकने गए थे। उसी दौरान पैर फिसलने से संदीप गहरे तालाब में गिर गए। काफी देर तक संदीप घर नहीं पहुंचे तो घर के लोग उन्हें खोजते हुए तालाब के पास पहुंचे। देखा कि संदीप के पैर का एक चप्पल तालाब के ऊपर और एक नीचे पड़ा हुआ है। परिजनों के शोर मचाने पर भाई संजय व अन्य ग्रामीणों की तालाब के पास भीड़ लग गई। तालाब गहरा होने से लोग उसमें घुसने की हिम्मत नहीं जुटा सके। संजय ने बिस्कोहर पुलिस को सूचना देते हुए तालाब में घुसकर संदीप की तलाश कर दी। घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी रामप्रकाश चंद्र अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए। करीब दो घंटे बाद संदीप को तालाब से बाहर निकाला और बचने की उम्मीद लेकर निजी अस्पताल बिस्कोहर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनकर परिवार के लोग चीत्कार करने लगे। ग्रामीणों के अनुसार मृतक संदीप की शादी नहीं हुई थी। उसे दौड़े की बीमारी थी। कभी-कभी उसे दौड़ा भी आ जाता था। इस संबंध में चौकी प्रभारी बिस्कोहर रामप्रकाश चंद्र ने बताया कि मृतक के भाई संजय के द्वारा घटना की जानकारी मिली थी मौके पर गया था। शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।