डुमरियागंज के हल्लौर कस्बे में इमाम के शहादत दिवस को लेकर निकला अलम और ताबूत के जुलूस में शामिल
भारतभारी। शिया समुदाय के आठवें इमाम इमाम अली रजा के शहादत दिवस पर डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के हल्लौर कस्बा में सोमवार को इमामबाड़ा वक्फ शाह आलमगीर सानी (बड़े इमामबाड़ा) में मरसिया मजलिस आयोजित की गई। इस मौके पर अलम और ताबूत का जुलूस निकालकर अकीदतमंदों ने नौहा पढ़कर मातम किया। शहादत दिवस को लेकर पूरा हल्लौर कस्बा गम और शोक में डूबा रहा।
इमाम अली रजा के शहादत दिवस को लेकर हल्लौर कस्बे में मरसिया मजलिस और नौहा-मातम का सिलसिला रविवार की देर शाम से ही शुरू हो गया था। सोमवार की दोपहर में जामा मस्जिद और बड़े इमामबाड़ा पर मरसिया और मजलिस आयोजित हुई। इसे अंबर मेहंदी और हैदरे कर्रार और उनके सहयोगी ने पढ़ी। मजलिस को जाकिर जमाल हैदर ने संबोधित करते हुए इमाम अली रजा की शहादत पर विस्तार से रोशनी डाली। मजलिस के बाद अलम और ताबूत का जुलूस निकाला गया जो दरगाह हजरत अब्बास, जन्नतुल बकी होते हुए कस्बे के कर्बला स्थित इमाम अली रजा के रौजे पर नौहा-मातम के बीच संपन्न हुआ।
इस दौरान नफीस हल्लौरी, हैदर, हानी, कामयाब बबलू, कायनात, हैदर आदि ने नौहे पढ़े। अकीदतमंदों ने मातम कर इमाम अली रजा को श्रद्धा सुमन पेश किया।