उसका-गोरखपुर मार्ग पर तेतरी चौराहा के पास बने गड्ढे में मिट्टी-गिट्टी डालकर भरा गया। संवाद
उसका बाजार। नगर पंचायत के तेतरी चौराहे के पास रविवार को सड़क फटने से गीली मिट्टी निकलने के बाद सोमवार को सड़क की मरम्मत करा दी गई। इसके बाद इस सड़क से लोगों का आवागमन शुरू हो गया है। वहीं, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पीएमजीएसवाई से बनी इस सड़क के नीचे की मिट्टी दलदली थी। गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए ड्रिल करने से दबाव बढ़ने पर सड़क फट गई और नीचे की गीली मिट्टी बाहर आ गई। यह घटना देख लोगों में कौतूहल के साथ डर का माहौल भी रहा।
नगर पंचायत उसका के गोरखपुर मार्ग पर तेतरी चौराहा पर रविवार को सड़क फाड़कर गीली मिट्टी का मलबा निकलने के बाद बने गड्ढे को सोमवार को मिट्टी-गिट्टी डालकर भर दिया गया है। गैस आपूर्ति के सड़क के किनारे से जमीन के भीतर ड्रिल करके पाइप लाइन बिछाई जा रही है, इसे बिछाने के लिए चार दिन पूर्व से अमृतलाल महाविद्यालय के पास से जमीन के अंदर ड्रिल करके रास्ता बनाया जा रहा था। जैसे ही जमीन के भीतर ड्रिल मशीन तेतरी चौराहा के पास पहुंची तो दबाव बढ़ने के कारण सड़क फट गई और वहीं से मिट्टी का मलबा निकलने लगा। अगल बगल के दुकानदारों ने बताया कि वहां पहले नाली थी, जिससे बारिश का पानी बहता था। समय बीतने के साथ नाली पाट दी गई थी, जिस पर अब सड़क बना दी गई। इस कारण से वहां की दलदली मिट्टी मशीन के दबाव के कारण फट गई और मलबा बाहर निकलने लगा था।
इस संबंध में ईओ अभिनव श्रीवास्तव ने बताया कि यह गैस पाइपलाइन के लिए बनाए जा रहे रास्ते के कारण वहां गड्ढा बन गया था। इसे भरकर लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है।