- डीआईओएस ने दुधारा थाने पर पहुंचे कर एएच इंटर काॅलेज पैडी के खिलाफ कार्रवाई के लिए सौंपा पत्र संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एएच इंटर कॉलेज पैड़ी में डीआईओएस ने सोमवार को सामूहिक नकल पकड़ी थी, जिसके बाद केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्था आदि को हटा दिया था। इस मामले में बुधवार की शाम को डीआईओएस ने दुधारा थाने पर परीक्षा केंद्र के खिलाफ तहरीर दी है।
डीआईओएस हरीशचंद नाथ ने तहरीर में कहा कि माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा चल रही है। 23 फरवरी को वह एएच इंटर कॉलेज पैड़ी में द्वितीय पाली इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की परीक्षा में छापेमारी की, तो वहां कक्ष संख्या-06 में कुछ परीक्षार्थियों के प्रश्नपत्रों पर ही प्रश्नों का हल पेंसिल से करवाया गया था तथा उक्त कक्ष के समस्त परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं पर भी कुछ प्रश्नों का हल एक समान रूप से किया गया था।
तत्पश्चात उपस्थित परीक्षार्थियों ने पूछताछ में बताया कि किसी शिक्षक द्वारा कक्ष में उपस्थित होकर सभी परीक्षार्थियों को प्रश्नों का उत्तर बताया गया है। सीसीटीवी रिकाॅर्डिंग का बैकअप देखा गया, जिसमें बीच-बीच में सीसीटीवी बंद पाया गया, जिससे स्पष्ट है कि परीक्षा केंद्र पर कक्षा संख्या 06 में सामूहिक नकल कराई जा रही थी।
परीक्षा समाप्ति के तत्काल बाद (उत्तर पुस्तिका सीलिंग पैकिंग के पूर्व ही) एक व्यक्ति परिसर में आ गया जो अपने आपको संस्था का संचालक बता रहा था। उसके द्वारा सचल दल सदस्यों पर प्रकरण में कोई कार्रवाई न किए जाने का दबाव बनाने का अनुचित प्रयास किया गया, जिससे स्पष्ट होता है कि परीक्षा केंद्र पर नकल कराने की गतिविधियों में विद्यालय संचालक की अहम भूमिका के साथ केंद्र व्यवस्थापक एवं कक्ष निरीक्षकों की भी भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने इस मामले में उक्त लोगों पर केस दर्ज कराने की तहरीर दी है।
एसओ अरविंद शर्मा ने बताया कि अभी वह मुख्यालय आए हुए है। अगर तहरीर आई होती तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।