सिद्धार्थनगर। महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराध पर पुलिस महकमा गंभीर नहीं है। यही वजह है कि नाबालिग के अपहरण के मामले में कपिलवस्तु कोतवाली पुलिस लापरवाही बरत रही है। आलाधिकारियों से भी गुहार लगाने के बाद भी अब तक नाबालिग का पता नहीं चल सका। उल्टे सफेदपोशों द्वारा सुलह का दबाव बनाया जा रहा है।
आरोप है कि कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव में चार अक्टूबर को उसी गांव के रमाकांत उर्फ गुड्डू चौधरी ने एक नाबालिग बालिका का अपहरण कर लिया। पीड़ित पक्ष ने इस मामले में जब थाने में शिकायत की तो उसके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। मुकदमा पंजीकृत करने के बाद अब तक पीड़ित पक्ष को उसकी बेटी नहीं मिल सकी है। इस मामले की शिकायत उसने महकमे के आलाधिकारियों से भी की। लेकिन अब तक उसे निराशा ही मिली। आरोप है कि उसकी बेटी को पड़ोस के जिले में रखा गया है। लेकिन पुलिस उसकी बरामदगी नहीं कर पा रही है। आरोप यह है कि क्षेत्र के कुछ राजनीतिक लोग सुलह के लिए दबाव बना रहे हैं। यही वजह है कि मेरी बेटी को मुझसे नहीं मिलवाया जा रहा है। बताया कि लड़का कई बार अपने घर आया है, इसके बाद भी पुलिस उसकी गिरफ्तारी नहीं कर रही है। वहीं इस संबंध में सीओ शोहरतगढ़ रचना मिश्रा ने बताया कि मामले में पुलिस की टीम लगी हुई है। जल्द ही अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में होगा।