सिद्धार्थनगर। दस वर्ष की सजा पूरी कर चुके दस कैदियों की गणतंत्र दिवस के अवसर पर रिहाई हो सकती है। अच्छे आचरण को देखते हुए हत्या के आरोपी आजीवन कारावास की सजा काट रहे इन कैदियों की रिहाई के संबंध में जेल प्रशासन ने शासन को रिपोर्ट भेजी है। अनुमति मिलने के बाद इन सभी को रिहा किया जाएगा। ये कैदी बलरामपुर, गोंडा और कुशीनगर जिले के निवासी हैं।
दरअसल, जिन कैदियों का आचरण और व्यवहार जेल में अच्छा होता है। उनकी रिपोर्ट जेल प्रशासन शासन को भेजता है। उसी आधार पर आजीवन कारावास की सजा पाए कैदियों को जेलों से रिहा किया जाता है। इसी व्यवस्था के तहत जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 10 कैदियों के रिहाई की कवायद प्रशासन व जेल प्रशासन की ओर से की गई है। कमेटी द्वारा 10 ऐसे कैदियों की सूची तैयार करके दी गई जो शासन से भेजे गए मानक के अनुरूप हैं। जेल अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि रिहाई के लिए 10 लोगों के नाम कमेटी ने तय किए हैं। इसमें मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट भी शामिल है। रिपोर्ट तैयार करके शासन को भेज दी गई है। वहां से जिन बंदियों की रिहाई के लिए अनुमति मिलेगी उन्हें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रिहा किया जाएगा।
यह लोग हो सकते हैं समय से पूर्व रिहा
कैदी का नाम जिला अपराध का प्रकार
झिनकू गोंडा हत्या
रामनरायन फैजाबाद हत्या
गुरुदीन गोंडा हत्या
खुदादीन गोंडा हत्या
परशुराम फैजाबाद हत्या
अजमतुल्ला गोंडा हत्या
ओमप्रकाश बलरामपुर हत्या
ननके दुबे गोंडा हत्या
भीम चौहान कुशीनगर हत्या
अनंतराम फैजाबाद हत्या