पेड़ गिरने से बिजली के आठ खंभे धराशाई
धौरहरा प्रथम गांव में बिजली आपूर्ति बाधित
अमर उजाला ब्यूरो
डिड़ई। धौरहरा प्रथम गांव में बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे एक शीशम का पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने की चपेट में आने से बिजली के आठ खंभे धराशाई हो गए। इससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना दिए जाने के बावजूद बिजली निगम के अधिकारी देर रात तक मौके पर नहीं पहुंचे।
धौरहरा प्रथम गांव के साड़ी कला से भटपुरवा मार्ग पर शीशम का एक वृक्ष है। जिले में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण पेड़ बृहस्पतिवार शाम अचानक गिर गया। पास से गुजर रही बिजली तार भी इसकी चपेट में आ गए। इससे बिजली के आठ खंभे भी उखड़ कर गिर पड़े। गनीमत यह रही कि इस घटना से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। पूर्व प्रधान रामानंद, राजेंद्र साहनी, छोटेलाल साहनी, बासुदेव साहनी, रामकृपाल साहनी ने बताया कि काली स्थान स्थित खंभे पर लगा ट्रांसफॉर्मर भी गिर गया। लोगों ने बिजली निगम को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। इस बाबत बिजली निगम के जेई मनोज कुमार ने बताया कि खंभे दुरुस्त कराने के बाद आपूर्ति चालू करवाई जाएगी, बारिश के कारण राहत कार्य में बाधा आ रही है।