आठ प्रत्याशियों के नामांकन पत्र निरस्त, एक ने लिया पर्चा वापस
विधानसभा चुनाव में कलेक्ट्रेट में हुई नामांकन पत्रों की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। विधानसभा चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच में आठ प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज हो गए हैं। इनमें सात नामांकन पत्र शोहरतगढ़ और एक डुमरियागंज क्षेत्र के प्रत्याशियों के हैं। इसके साथ ही बांसी से एक निर्दलीय प्रत्याशी ने पर्चा वापस लिया।
जिले के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 64 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इनमें शोहरतगढ़ से सर्वाधिक 19 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया था। सोमवार को कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्रों की जांच हुई। इसमें शोहरतगढ़ से जन अधिकार पार्टी की प्रत्याशी दुर्गावती, इंडियन नेशनल लीग पार्टी की किरन निषाद, निर्दलीय ब्रजवासिनी गिरि, राम विनेश निषाद, रामधारी, ललिता देवी, सुरेंद्र नारायण का नामांकन खारिज हो गया। साथ ही डुमरियागंज से निर्दलीय प्रत्याशी करीमुल्लाह का नामांकन पत्र खारिज हुआ है। कपिलवस्तु और इटवा विधानसभा से किसी प्रत्याशी का पर्चा नहीं खारिज हुआ है, जबकि बांसी से निर्दलीय प्रत्याशी राम भवन लोधी ने पर्चा वापस ले लिया है।
पांचों विधानसभा में अब 55 प्रत्याशी मैदान में
जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों से 64 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया था। इसमें नौ प्रत्याशियों के हटने से अब 55 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। इनमें शोहरतगढ़ में सर्वाधिक 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, जिनमें सात प्रत्याशियों का पर्चा खारिज होने के बाद अब 12 प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में हैं। डुमरियागंज से नामांकन पत्र दाखिल करने वाले 13 प्रत्याशियों में एक का पर्चा खारिज होने से वहां भी 12 प्रत्याशी बचे हैं, जबकि बांसी में 13 प्रत्याशियों में एक के पर्चा वापस लेने से यहां भी सिर्फ 12 प्रत्याशी हैं। वहीं इटवा में नौ और कपिलवस्तु से 10 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।