वायरल फीवर पर नियंत्रण के लिए 715 टीम मुस्तैद
सिद्धार्थनगर। वायरल फीवर के बढ़ते प्रकोप पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 16 सितंबर तक विशेष जांच अभियान चलेगा। इस दौरान जिले की 715 टीमें घर-घर पहुंचकर बुखार से पीड़ितों की तलाश करेंगी। सामान्य अथवा गंभीर होने की सूचना एकत्र कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट देंगी।
जिले में बुखार के साथ ही बाढ़ के प्रभाव के बाद फैलने वाली बीमारियों के प्रति स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बीते सात से 16 सितंबर के बीच विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। जनपद में 715 टीमों का गठन किया गया है। टीम में 2400 आशा कार्यकर्ता शामिल हैं। इनकी मानीटरिंग के लिए 85 सुपरवाइजर बनाए गए हैं। घर-घर पहुंचकर टीम के सदस्य लोगों को बुखार या जलजनित बीमारी होने पर घबराने नहीं, बल्कि इसकी तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील करेंगे। बताएंगे कि स्वास्थ्य विभाग पीड़ितों की मदद के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है। विभाग के फोन या ट्वीटर हैंडल पर समस्या को बता सकते हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराना विभाग की प्राथमिकता है। जिले के सैकड़ों गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इस समय वायरल बुखार, डायरिया आदि बीमारियां फैलने की आशंका है। ग्रामीणों में दवा का वितरण कराया जा रहा है। कहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम के न पहुंच पाने और दिक्कत होने पर स्वास्थ्य विभाग के नंबर 05544-222716 पर कॉल करके सूचना दी जा सकती है। सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों का उपचार करेगी।
मौके पर लिए जाएंगे सैंपल
विशेष अभियान के दौरान मौके पर ही लगातार बुखार जैसे हालात में स्वास्थ्य विभाग ग्रामीणों की कोरोना जांच कराने के साथ-साथ अन्य जरूरत की जांच कराएगा। इस जांच के बाद आने वाले रिपोर्ट के आधार पर मरीज का उपचार होगा।