नेपाल की राजधानी काठमांडू में पुलिस टीम द्वारा बरामद चांदी के जेवरात। स्रोत सोशल मीडिया
खुनुवां। नेपाल की राजधानी काठमांडू के चंद्रागिरि में पुलिस ने बिहार के एक युवक को चांदी के आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से कुल 68 किलो 244.24 ग्राम चांदी के गहने बरामद हुए हैं। पुलिस ने युवक को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सीमा शुल्क कार्यालय भेज दिया है। पकड़े गए युवक की पहचान बिहार के रक्सौल निवासी 19 वर्षीय अमन सर्राफ के रूप में हुई है। काठमांडू उपत्यका अपराध अनुसंधान कार्यालय, टेकू की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय नागरिक के पास बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण होने की सूचना मिली थी।
इसके आधार पर पुलिस टीम ने सोमवार को चंद्रागिरि नगरपालिका-7 में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान विभिन्न आकार और डिजाइन के चांदी के आभूषणों के साथ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
कार्यालय के सूचना अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक रामेश्वर कार्की के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। मंगलवार को अमन सर्राफ को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल स्थित सीमा शुल्क कार्यालय, गौचर भेज दिया गया।