महरिया गोशाला का निरीक्षण कर कड़े निर्देश दिए
फोटो- 63
बूथ के निरीक्षण में कमियां दूर करने की हिदायत
गोशाला निर्माण की प्रगति में तेजी लाने की हिदायत दी
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में शामिल गोशाला निर्माण को लेकर प्रशासनिक अमला भी सजग है। निर्माण की प्रगति के लिए खंड विकास अधिकारी से लगायत एसडीएम, एडीएम व डीएम का लगातार फोकस है। उपजिलाधिकारी सदर ने महरिया में निर्माणाधीन गोशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण में प्रगति लाने के लिए संबंधित को कड़ी हिदायत दी है।
उपजिलाधिकारी सदर उमेेश चन्द्र निगम रविवार को क्षेत्र के महरिया गांव पहुंचे, जहां निर्माण हो रहे गोशाला भवन की प्रगति देखी। इस दौरान मानक के अनुरूप कार्य किए जाने की बारीकियों से जानकारी ली। छुटपुट कमियों को दूर करते हुए गुणवत्तापरक निर्माण कराने के अलावा प्रगति में तेजी लाने की कड़ी हिदायत दी। बाद में इसी गांव में बूथ का भी औचक निरीक्षण किया। मूलभूत सुविधाओं के लिए बीएलओ को निर्देशित किया। इस मौके पर लेखपाल प्रभु दयाल यादव, राम समुझ के अलावा राम मिलन और बलिराम आदि की उपस्थिति रही।
हर सोमवार को चलेगा सघन अभियान
अस्थायी गोवंश आश्रय स्थलों के स्थलीय निरीक्षण के लिए जिलाधिकारी ने प्रत्येक सोमवार को सघन अभियान चलाने का निर्णय लिया है। शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों व ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारियों को लगाया गया है। निरीक्षण के दौरान फोटोग्राफ लेते हुए रिपोर्ट संबंधित उपजिलाधिकारी को देने के लिए सख्त हिदायत दी गई है। सभी एसडीएम अपनी-अपनी रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी को सौंपेंगे। इसके बाद जिलाधिकारी की ओर से समीक्षा की जाएगी।