कोर्ट के 17 कर्मियों सहित 53 लोग कोरोना संक्रमित मिले
सिद्धार्थनगर। जिले में रविवार को 17 न्यायालय कर्मियों सहित 53 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। न्यायालय परिसर में जिन कर्मचारियों की एंटीजन किट से जांच में रिपोर्ट निगेटिव थी, आरटीपीसीआर जांच में उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों के सुझाव के अनुसार ये लोग होम आइसोलेट हो गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके संपर्क में आने वाले लोगों की कोरोना जांच कर रही है, ताकि कोरोना संक्रमण की चेन टूटती रहे। जिले में कोरोना संक्रमण के केस लगातार बढ़ रहे हैं। कोरोना एक्टिव 306 हो गई है। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज एवं संयुक्त जिला चिकित्सालय में 50 से अधिक डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। छह पुलिस कर्मियों की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में रविवार को शहर और नौगढ़ ब्लॉक के अंतर्गत 27 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई, जिसमें न्यायालय के 17 कर्मी शामिल हैं। जोगिया में 11, मिठवल में पांच, लोटन में दो और डुमरियागंज, इटवा, शोहरतगढ़, उसका में एक-एक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। एक अन्य व्यक्ति की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव निकली। सीएमओ डॉ. एके चौधरी ने बताया कि आरटीपीसीआर जांच में न्यायालय के 17 कर्मियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। एंटीजन किट से हुई जांच में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। रविवार को 53 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई।