खेत में तालाब बनाने को मिलेगा 50 फीसदी अनुदान
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत वर्षा जल संचयन के लिए खेत में तालाब बनाने के लिए किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। पात्र किसान, जिनके पास निर्धारित भूमि उपलब्ध है, वे योजना में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके तहत किसानों को लागत 1.05 लाख रुपये के सापेक्ष 50 फीसदी 52,500 रुपये अनुदान मिलेगा।
खेत तालाब योजना के तहत वर्ष-2021-22 में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हो रहा है। इस योजना से किसान अपने खेत में लघु तालाब (आकार 22x20x3 मीटर) बनवा सकते हैं। तालाब बनवाने के लिए 35x37 मीटर जमीन की आवश्यकता होती है। अनुदान की राशि कृषक के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। योजना का लाभ पाने के लिए, कोई भी पात्र किसान, किसान सेवा योजना के पोर्टल पर जाकर, ऑनलाइन टोकन बुक कर सकता है। टोकन कंफर्म होने पर, एक हजार रुपये की टोकन मनी यूनियन बैंक की यूपी एग्रो शाखा में जमा करनी होगी। टोकन मनी जमा होने की पुष्टि, बैंक से ऑनलाइन प्राप्त होने के बाद अगले 15 दिन के अंदर किसान को जिस खेत में तालाब खुदवाना है, उसकी खतौनी, खेत का फोटो तथा निर्धारित घोषणा पत्र पोर्टल पर अपलोड कराना होगा। इसके बाद अधिकारियों के स्थलीय निरीक्षण के बाद उपयुक्त पाए जाने पर किसान को तालाब बनवाए जाने की सूचना एसएमएस के माध्यम से पंजीकृत मोबाइल पर भेजी जाएगी। साथ ही यह सूचना पोर्टल पर भी उपलब्ध होगी। इसके बाद 30 दिन के अंदर किसान को तकनीकी कार्मिकों के निर्देशन में खेत तालाब बनवाना होगा। मापन एवं सत्यापन के बाद तीन किस्तों में अनुदान की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे किसान के खाते में भेजी जाती है।
योजना से बनेंगे 25 तालाब
इस योजना के तहत जिले में 25 तालाब जिसमें सामान्य जाति के 20 किसान एवं अनुसूचित जाति के पांच किसान शामिल हैं। इस योजना का लाभ खेत में तालाब बनवाने पर ही मिलेगा। उद्यान विभाग की तरफ से तालाब पर स्प्रिंकलर सेट भी स्थापित कराया जाता है। भूमि संरक्षण अधिकारी विनोद राव ने बताया कि पहले आवेदन करने वाले किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी।