ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में गोष्ठी को संबोधित करती सीएमओ नीना वर्मा। संवाद
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
रिमझिम बारिश में रक्तदान करने पहुंचे पांच महादानी
अमर उजाला फाउंडेशन व ब्लड बैंक जिला अस्पताल की ओर से लगाया गया शिविर
रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं : सीएमएस
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। अमर उजाला फाउंडेशन एवं ब्लड बैंक संयुक्त जिला चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में पांच लोगों ने रक्तदान किया।
जिला अस्पताल की सीएमएसम डॉ. नीना वर्मा ने रक्तदानियों को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रक्तदान का प्रमाणपत्र देकर सराहना की। फार्मासिस्ट राजेश कुमार चौधरी ने सबसे पहले रक्तदान किया। उसके बाद बढ़नी के नदीम अहमद, बर्डपुर के इंद्रजीत एवं शहर के धर्मेंद्र ने रक्तदान किया। शिविर के दौरान महराजगंज जिले से आए दीपक कुमार ने रक्तदान किया। इस मौके पर एसएलटी एए खान, एलटी उमेश पांडेय व विजयलक्ष्मी चौधरी ने रक्तदान के लिए जांच एवं सलाहकार की भूमिका निभाई।
रक्तदान सबसे बड़ा दान
रक्तदान शिविर के दौरान हुई संगोष्ठी में सीएमएस डॉ. नीना वर्मा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। रक्तदान कर हम किसी को नई जिंदगी देते हैं। महत्वपूर्ण बात है कि रक्तदान करने से रक्तदाता के शरीर को कोई नुकसान नहीं पहुंचता है। सिर्फ वही व्यक्ति रक्तदान कर सकता है कि जो पूरी तरह स्वस्थ होगा। शिविर के दौरान रक्तदाताओं के शरीर की कई महत्वपूर्ण जांच निशुल्क की जाती है। वह व्यक्ति स्वस्थ होता है तो रक्तदान करके सराहना का पात्र बनता है, जबकि जांच रिपोर्ट में किसी बीमारी की पुष्टि होती है तो ज्यादा बीमार होने से पहले ही इलाज का अवसर मिलता है। एलटी उमेश पांडेय ने कहा कि रक्तदान करने से रक्त कोशिकाओं में नवीनता आती है। रक्तदान करने वाले दूसरों का जीवन बचाते हैं और खुद कई बीमारियों से बच जाते हैं। रक्तदान शरीर के लिए फायदेमंद है।