डुमरियागंज। डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में 85 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदाता 2188 तथा दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 3212 हैं, जिसमें नौ बुजुर्ग और 33 दिव्यांग मतदाताओं ने 12 डी-फॉर्म भर कर घर से ही मतदान करने की इच्छा जताई। उन 42 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को पोलिंग पार्टी तथा क्षेत्रीय लेखपाल ने घर-घर पहुंच कर मतदान कराया।
डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र के 15, भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के दो बूथ तथा मिठावल ब्लॉक के तीन और खुनियाव ब्लॉक क्षेत्र के एक पोलिंग बूथ क्षेत्र में शामिल मतदाताओं का घर पर ही मतदान कराया गया। इसमें पहले दिन 25 तथा दूसरे दिन 17 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को घर से ही वोटिंग कराई गई। पोलिंग पार्टी में बीएलओ फूलचंद प्रेम कुमार पाठक, गुड़िया देवी, अवधेश पांडेय, अश्वनी, संजय कुमार, अवनीश कुमार, सत्येंद्र मिश्रा, निशा, आरती सिंह तथा हल्का लेखपाल रमेश श्रीवास्तव मौजूद रहे।
एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित ने बताया कि क्षेत्र में दो दिन के भीतर जिले से आई पोलिंग पार्टी की टीम ने 42 लोगों का घर से ही मतदान करवाया है, जिनका पहले ही 12 डी फार्म भरवा कर उन्हें सूचीबद्ध किया गया था।