कपिलवस्तु। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के गनवरिया निवासी एक शख्स रविवार शाम बिजली के पोल पर तार सही का रहा था। इस बीच वह पोल से गिर गया। आसपास के लोग उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। इस बीच बिजली निगम के कर्मीे उसे एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई।
गनवरिया गांव निवासी राम प्रकाश (50) पोखरभिटवा बिजली उपकेंद्र पर चौकीदारी करता था, लेकिन लाइन मैनों की कमी के वजह से वह कभी-कभार पोल का भी काम देख लेता था। इसी क्रम में रविवार देर शाम को वह शटडाउन लेकर किसी का तार जोड़ने के लिए पोखरभिटवा गांव में पोल पर चढ़ा था। वह तार जोड़ ही रहा था कि अचानक पोल से गिर गया। इससे उसे गंभीर चोट आ गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चार घंटे इलाज के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इस बीच बिजली निगम के कर्मियों ने मेडिकल कॉलेज न ले जाकर गोरखपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान सोमवार देर रात राम प्रकाश की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी रामदरश आर्या ने बताया कि ऐसी कोई सूचना नहीं प्राप्त हुई है।
अधिशाषी अभियंता पीएन प्रसाद ने बताया कि मामले की जानकारी है। पोल पर चढ़ना पूरी तरह से गलत है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई करके मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।