परिषदीय विद्यालयों में 29 हजार शिक्षकों की भर्ती शीघ्र
इटवा में आयोजित संगोष्ठी और उन्मुखीकरण कार्यशाला में बोले बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी
कायाकल्प योजना के तहत कान्वेंट की तर्ज पर विद्यालय हुए साधन संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा । कस्बा स्थित मैरेज हाल में बृहस्पतिवार को ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विकास क्षेत्र इटवा और खुनियावं में कार्यरत शिक्षकों, ग्राम प्रधानों, प्रबंध समिति के अध्यक्षों और सचिवों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि योगी सरकार से पूर्व विद्यालयों में संसाधन न के बराबर थे। वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद सरकारी विद्यालयों को प्राइवेट विद्यालयों के समकक्ष बनाने के लिए कायाकल्प योजना लागू हुई। इसका नतीजा है कि पूरे प्रदेश के कुल एक लाख 38 हजार परिषदीय विद्यालयों में से एक लाख विद्यालयों का कायाकल्प हो चुका है। बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित ये विद्यालय, कान्वेंट स्कूलों को मात दे रहे हैं। शेष विद्यालयों में यह योजना शीघ्र पूर्ण होने वाली है। यही नहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों को टाट से मुक्ति दिलाने के लिए बेंच की व्यवस्था की गई और स्मार्ट क्लास भी चलाई जा रही है। साढ़े चार वर्ष में एक लाख 21 हजार शिक्षकों की भर्ती की गई। शीघ्र ही 29 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू होगी। उन्होंने कहा कि आज सरकारी विद्यालय सारे संसाधनों से लैस हैं। ऐसे में ग्राम प्रधान शत-प्रतिशत नामांकन में सहयोग करें। इसके पूर्व शिक्षा मंत्री ने मां सरस्वती के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और कंपोजिट विद्यालय पचपेङ़वा व सिसवा के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने कहा बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए शिक्षकों, ग्राम पंचायतों और प्रबंध समिति के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। इस दौरान शिक्षक नेता राधारमण त्रिपाठी, आदित्य शुक्ला, बीईओ ओपी मिश्रा, अनिल तिवारी, अभय पांडेय, राजमणि गिरि, विजय पांडेय आदि मौजूद रहे।
‘बेहतर शैक्षिक माहौल के लिए सभी का सहयोग जरूरी’
उसका बाजार। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक व ग्राम प्रधानों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम और संगोष्ठी का आयोजन बृहस्पतिवार को ब्लॉक सभागार में हुआ। मुख्य अतिथि सदर विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित विद्यालयों में कायाकल्प योजना चलाई। जिसके चलते अब सरकारी स्कूल पूरी तरह से बदल चुका है। प्रधान संघ अध्यक्ष श्रीश प्रताप यादव ने प्रधानों की ओर से आश्वस्त किया कि विद्यालय के विकास और पठन-पाठन में वे लोग पूर्ण सहयोग करेंगे। बीईओ महेंद्र कुमार ने कहा कि विकास क्षेत्र में अधिकतर स्कूल कायाकल्प से आच्छादित हो चुके हैं, शेष में कार्य चल रहा है। बिना सबके सहयोग के पठन-पाठन का अच्छा माहौल नहीं बन सकता। संचालन एआरपी गुलाम जिलानी ने किया। इस दौरान अरुणेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, एडीओ पंचायत अखिलेश यादव, घनश्याम राय, सतीश चौधरी, शिवपाल सिंह, राजनाथ सिंह, हरिशंकर सिंह, सुभाष चंद्र जायसवाल, कृपाशंकर पांडेय, राकेश सिंह, अभय श्रीवास्तव, रामसेवक गुप्ता, कृपाशंकर पांडेय, मनोज कुमार, प्रदीप जायसवाल, अजीजुर्रहमान, सुभाष, सुनील अग्रहरि आदि मौजूद रहे। संवाद