सिद्धार्थनगर। राशन नहीं बांटे जाने की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम राजेश कुमार धेंसा स्थित गोदाम पर रात एक बजे धमक पड़े। विपणन निरीक्षक को बुलाकर गोदाम का ताला खुलवाया। स्टॉक रजिस्टर और मौजूद स्टॉक में अंतर पाए जाने पर रजिस्टर को जब्त कर लिया। इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
थरौली गांव निवासी अरुण कुमार त्रिपाठी ने डीएम को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया था कि पूर्ति विभाग और एसएमआई की मिलीभगत से नौगढ़ ब्लॉक के थरौली, रोंवापार, शिवपति नगर, खलीलपुर, रामगढ़, रोहूडीला, कोणरा ग्रांट सहित लगभग एक दर्जन गांवों मे कोटेदार राशन का वितरण करने के बजाए उसे बेच देता है। निर्धारित तिथि समाप्त होने के बाद कोटेदार सीधा गोदाम से उठाकर बाजार में राशन बेचता है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम राजेश कुमार मंगलवार की रात एक बजे धेंसा स्थित गोदाम पर पहुंचे। यहां तैनात विपणन निरीक्षक को मौके पर तलब किया और गोदाम का ताला खुलवाया और रात में ही स्टॉक का मिलान किया। रजिस्टर में गेहूं 5408 कुंतल दर्ज था, जबकि स्टॉक में 5444 कुंतल मौजूद मिला। चावल रजिस्टर में 4474 दर्ज था, जबकि स्टाक में 4530 कुंतल पाया गया। एसडीएम ने रजिस्टर जब्त कर लिया। इस संबंध में डीएसओ नरेंद्र तिवारी ने कहा कि एसडीएम ने जांच की थी। अभी रिपोर्ट नहीं मिला है।