लोटन (सिद्धार्थनगर)। महाराजगंज के कोल्हुई क्षेत्र से प्रेमी संग भागी युवती की मुलाकात बुधवार को भाई से हो गई। भाई का प्रेमी के साथ रहने पर ऐतराज करना नागवार गुजरा। घर ले जाने की जिद पर अड़े भाई को पहले मना किया। जब बात नहीं बनी तो बुधवार को प्रेमिका ने 100 नंबर पर सूचना देकर पुलिस बुला लिया। दोनों पक्ष कोतवाली परिसर में पहुंच गए, घंटों पंचायत चली। बालिग प्रेमी-प्रेमिका की जिद के सामने परिजनों को झुकना पड़ा। पुलिस के मुताबिक महाराजगंज के थाना कोल्हुई के एक गांव निवासी युवती का प्रेम-प्रसंग प्राइवेट स्कूल के एक शिक्षक से चल रहा था। प्रेमी कोतवाली लोटन क्षेत्र के एक गांव का निवासी व शादीशुदा है। इधर, प्रेमिका के घरवालों ने लड़की की शादी तय कर दी। दो माह बाद शादी की तिथि भी नियत कर दी गई, लेकिन प्रेमी-प्रेमिका ने भाग कर कोर्ट मैरिज करने का फैसला कर लिया। 15 दिन पूर्व दोनों घर से भाग गए। इसके बाद से परिजन खोज में जुटे रहे। भाई खोजते हुए लोटन बाजार आया। इसी दौरान बहन से मुलाकात हो गई। भाई ने घर वापस चलने के लिए कहा। उसने भाई-बहन के प्रेम की दुहाई भी दी, लेकिन बहन ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस बुला लिया। इसके बाद मामला कोतवाली लोटन पहुंच गया। दोनों के परिजन भी बुलाए गए। प्रेमी युगल ने एक-दूसरे का साथ न छोड़ने की जिद ठान ली। साथ ही कोर्ट मैरिज करने की जानकारी दी। इस संबंध में एसआई सभाजीत मिश्र ने कहा कि मामला कोल्हुई थाना क्षेत्र का है। कोल्हुई पुलिस को सूचना दे दी गई है। वहां की पुलिस कार्रवाई करेगी।