संतकबीरनगर। सिद्धार्थनगर जनपद निवासी एक व्यक्ति से दुधारा थाना क्षेत्र निवासी आरोपी ने विदेश भेजने के नाम पर एक लाख 40 हजार रुपये हड़प लिए। पुलिस ने सिविल जज जूनियर डिवीजन के आदेश पर मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसओ दुधारा अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित अताउल्लाह निवासी मुहम्मदपुर त्रिलोकपुर, सिद्धार्थनगर ने कोर्ट को दिए अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि वह और उनके गांव के सहादुद्दीन विदेश जाने के इच्छुक थे। उन्हें जानकारी हुई कि मोहम्मद तारिक निवासी दुधारा लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। वह 11 अगस्त 2024 को तारिक के गांव आकर उससे मिले और उनके कहने पर विभिन्न तिथियों में एक लाख 40 हजार रुपये उसके बताए बैंक खाते में भुगतान कर दिया।
इसके बाद तारिक ने दुबई का वीजा उन लोगों को दे दिया। इसकी जांच कराने पर पता चला कि वीजा फर्जी है। 15 दिसंबर 2025 को अपने रुपये की मांग की तो उसने गाली दी। साथ ही जानमाल की धमकी भी दी। एसओ दुधारा अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।