इटवा। जिला कारागार में जेठ के गैैरइरादतन हत्या के मामले में बंद एक महिला की प्रसव के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। जबकि नवजात सुरक्षित बताया जा रहा है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा रही है।
इटवा थाना के ग्राम सुहेलवा निवासी फहीमुल्लाह उर्फ ओरियावन (50) की 10 जून को चारपाई की पाटी से प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। इसमें मृतका की पत्नी अलीमुन्निशा की तहरीर पर इटवा पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा अब्दुल करीम उसकी पत्नी सायरा व बेटे अब्दुल रहीम पर दर्ज किया था। मामले में तीनों जिला कारागार में बंद थे। बताया जा रहा है सायरा गर्भवती थी। शुक्रवार रात उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। जेल प्रशासन ने सुरक्षा के बीच महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाते रास्ते में ही एंबुलेंस में बच्चा तो पैदा हो गया। लेकिन सायरा की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। नवजात सुरक्षित बताया जा रहा है। इस संबंध में जेल अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि प्रसव पीड़ा के बाद महिला को जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। बच्चा सुरक्षित, लेकिन सायरा की मौत हो गई है।