सिद्धार्थनगर। पांच दिवसीय दीपोत्सव का आगाज मंगलवार से हो रहा है। पहले दिन धनतेरस को लेकर पूर्व संध्या पर तैयारियां जोरों पर रही। शुभ मुहूर्त में धातु की खरीदारी के महत्व को देखते हुए आभूषण, बर्तन, ऑटोमोबाइल्स की दुकानों को आकर्षक ढंग से सजा दिया गया है। त्योहार के लिए अग्रिम बुकिंग कराने का सिलसिला भी जोरों पर रहा।
धनतेरस को धन की देवी लक्ष्मी की पूजन की मान्यता है। आयुर्वेद के जनक भगवान धनवंतरी की जयंती भी इसी दिन मानी जाती है। मान्यताओं के मुताबिक इस दिन धातु से बनी वस्तुओं की खरीदारी शुभ फलदाई है। यही कारण है कि हर कोई विशेष मुहूर्त में खरीदी के लिए उत्सुक रहता है। कई दिनों पहले से ही बाजारों में इसका असर दिखने लगा था। ग्राहकों को लुभाने के लिए जहां नई-नई वेरायटी के सामान मंगाए गए हैं, वहीं दुकानों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
धनतेरस पर सबसे ज्यादा बिक्री सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रिक सामान व ऑटोमोबाइल्स की होती है। लिहाजा इन दुकानों पर एक दिन पहले से ही उत्सव की रंगत दिखने लगी थी। दुकानदार भी इस बार अच्छे कारोबार को लेकर उत्साहित हैं। उधर, दीपोत्सव के मद्देनजर बाजारों में दीपक, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं, कलश आदि की दुकानें भी सज गई हैं। इन पर भी धनतेरस से खरीदारी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।