- किसानों को उनकी उपज का 2.39 करोड़ का हुआ भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। तहसील क्षेत्र में संचालित गेहूं खरीद केंद्र दो पर गेहूं खरीद का कार्य तेज करने के निर्देश एसडीएम की ओर से दिए गए हैं। साथ ही किसानों के गेहूं की तौल आसानी से करके उनका भुगतान अति शीघ्र करने का भी क्रय केंद्र प्रभारी को हिदायत दी गई है।
क्षेत्र में शासन के निर्देश पर प्रशासन की ओर से इस बार विभिन्न गांवों और स्थानों पर किसानों की गेहूं की खरीद करने के लिए 18 गेहूं खरीद केंद्र खोले गए हैं। जहां पर खरीद की जा रही है। अभी तक क्रय केंद पर 119 किसानों से 10 हजार 436 क्विंटल गेहूं की खरीद के साथ-साथ किसानों को उनकी उपज का 2.39 करोड़ 51 हजार 193 रुपए का भुगतान आरटीजीएस बैंकिंग सेवा के जरिए किया जा चुका है।
इस संबंध में एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप खोले गए केंद्रों पर लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं की खरीद कर किसानों को उनकी उपज का भुगतान तेजी से करने के लिए सभी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि गेहूं खरीद में लापरवाही ना बरती जाए। गेहूं खरीद में लापरवाही और मनमानी बरतने की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।