एक एसएलआर व नौ हजार कारतूस बरामद
नेपाल पुलिस ने मुर्गी फार्म में छापा मारकर हथियार जब्त किया
गड्ढे में छिपाकर रखे गए थे असलहे, बड़ी वारदात करने की थी आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
कपिलवस्तु (सिद्धार्थनगर)। नेपाल के सनसरी जिले की पुलिस ने क्षेत्र के भरौला गांव के एक मुर्गी फार्म में छापा मारकर मौके से एक एसएलआर समेत नौ हजार कारतूस बरामद किया है। यह अत्याधुनिक एसएलआर हथियार और नौ हजार कारतूस जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाए गए थे।
जानकारी के अनुसार नेपाल के सुनसरी जिला पुलिस को शनिवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि जिले के पश्चिमी क्षेत्र भरौला से एक मुर्गी फार्म में असलहा और भारी मात्रा में कारतूस रखा गया है। इससे किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है। मामले को संज्ञान में लेते हुए सुनसरी जिला पुलिस प्रमुख यज्ञ विनोद पोखरेल के निर्देश पर पुलिस टीम ने मुर्गी फार्म में छापा मारा। इस दौरान जमीन के अंदर गड्ढे में खोदकर रखे गए अत्याधुनिक एसएलआर व 9 हजार कारतूस बरामद किया। इस कार्रवाई में नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस एवं जिला पुलिस की विशेष भूमिका है। असलहा और कारतूस का जखीरा कहां जाने वाला था, इसके बारे में नेपाल पुलिस छानबीन कर रही है। वहीं, इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस रखना भी कई तरफ इशारा कर रहा है।