नेपाली सांसद पर अभिनेता ने लगाया मारपीट का आरोप
घर पर बुलाकर मारपीट कर सड़क पर छोड़ने का भी आरोप
सांसद ने प्रेसवार्ता के जरिए आरोप निराधार बताया
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर/बढ़नी। नेपाल के सांसद पर एक नेपाली अभिनेता ने मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। फिल्म अभिनेता एक पार्टी के नेता भी बताए जा रहे हैं। वहीं, सांसद अभिषेक प्रताप शाह ने मारपीट के आरोप को निराधार बताया है। घटना शनिवार की शाम की बताई जा रही है।
नेपाली अभिनेता कृष्णनगर निवासी श्याम मिश्रा ने मीडिया कर्मियों को बताया कि शनिवार की शाम को सांसद अभिषेक प्रताप शाह के ड्राइवर शशिकांत कश्यप मेरे पास आए और कहा कि सांसद जी ने बुलाया हैं। सांसद के बुलाने पर मैं उनके आवास पर गया। इतने में जबतक मैं कुछ समझ पाता तबतक सांसद अभिषेक शाह और उनका ड्राइवर शशिकांत कश्यप मुझे मारपीट कर अधमरा कर दिए। उसके बाद मुझे अपने गाड़ी में लादकर सड़क पर लाकर छोड़ दिए। स्थानीय लोगों ने मुझे अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया। वहीं, सांसद अभिषेक प्रताप शाह ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से पत्रकारों को बताया कि उक्त घटना से मेरा कोई सरोकार नहीं है और न तो मेरी संलिप्तता है। मेरे ड्राइवर शशिकांत कश्यप और श्याम मिश्रा के बीच गाली-गलौज व मारपीट करने का मामला संज्ञान में आया है। मैं स्थानीय प्रशासन से उक्त घटना के सत्य तथ्यों की जांच कर दोषी व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग कर रहा हूं। वहीं, श्याम मिश्रा के राजनीतिक पार्टी राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के अध्यक्ष ने अपने सदस्य श्याम मिश्रा को मारने-पीटने की निंदा करते हुए सांसद के ऊपर कार्रवाई की मांग की है। बहरहाल, घटना को लेकर तरह तरह के चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग घटना को राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई मान रहे हैं ।