स्विप कार्यक्रम के तहत राप्ती पर बैराज पर दस हजार दीप जलाकर लोगो का मतदान के लिए किया गया जागरूक
- फोटो : SRAWASTI
जमुनहा/श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से कटिबद्ध है। लोगों को जागरूक करने के लिए बुधवार शाम राप्ती बैराज में पंचायती राज विभाग की ओर से दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर 10 हजार दीप जलाकर आसपास गांवों के लोगों को 27 फरवरी को अपना राष्ट्रीय कर्तव्य निभाते हुए मतदान करने की अपील की गई।
राप्ती बैराज पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान राप्ती बैराज 10 हजार दीपों से जगमग रहा। इस दौरान सीडीओ ईशान प्रताप सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वोट डालना हम सबका पुनीत कार्य है। ऐसे में हमें जरूरी से जरूरी काम को भी कुछ घंटों के लिए रोककर अपना वोट अवश्य डालना चाहिए। मतदाताओं को जाति, धर्म, वर्ग से परे भेद व लोभ लालच के बिना मतदान करना चाहिए। डीपीआरओ आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि मतदाताओं को उनके अधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए स्वीप के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में आप सभी 27 फरवरी को सभी काम छोड़ सबसे पहले मतदान करें। साथ ही अपने आस पड़ोस के लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक करें।
पीडी चंद्रपाल ने कहा कि संविधान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी नागरिकों को वोट का अधिकार दिया गया है। आपके वोट से चुनकर संसद व विधानसभा में पहुंचने वाले जनप्रतिनिधि विकास की रूपरेखा व कानून बनाते हैं। इसलिए हम सभी को चाहिए कि 27 फरवरी को अधिकाधिक मतदान कर एक अच्छे व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि चुनें। इस दौरान पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, स्वच्छता कर्मी सहित मौजूद ग्रामीण हाथों में ‘देश का भाग्य विधाता बने आप मतदाता, सबसे बड़ा दान मतदान, मतदाता तुम हो देश की शान, जागो उठो करो मतदान, धनबल जनबल बुद्धि अपार मतदान बिना सब बेकार, बूथ तक जाना है, हमने यही ठाना है। भाई बहना मानो मेरा कहना, वोट का अधिकार है हम सबका गहना समेत तरह-तरह के नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे। बीएसए प्रभुराम चौहान ने कहा कि विद्यालयों में रैली व रंगोली प्रतियोगिता के साथ विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया जाएगा। इस दौरान सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक अजीत उपाध्याय, राजकुमार त्रिपाठी, हरगेंद्र वर्मा मौजूद रहे।