भवनियापुर चौराहा से कुंडा लोखडिय़न पुरवा मार्ग का गुणवत्ता विहीन निर्माण के बाद मार्ग की गिट्टी
- फोटो : SRAWASTI
जमुनहा (श्रावस्ती)। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से बनाई जा रही सड़क में अनियमितता उजागर हुई है। इसको लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने घंटों सड़क पर हंगामा काटा। मामला जमुनहा के भवनियापुर चौराहा से कुंडा लोखड़ियन पुरवा वाया मल्हीपुर बाबागंज संपर्क मार्ग का है। मामले में अधिकारियों द्वारा फिर से रोड निर्माण कराने के आश्वासन दिए जाने पर ही हंगामा शांत हुआ।
ऐसा ही एक मामला जमुनहा में देखने को मिला। यहां ग्रामीण भवनियापुर चौराहा से कुंडा लोखड़ियन पुरवा वाया मल्हीपुर बाबागंज संपर्क मार्ग की गुणवत्ता को लेकर आक्रोशित हो गए। ग्रामीण घंटों सड़क पर बैठ कर हंगामा करते रहे। उनका आरोप था कि अभी सड़क का निर्माण हो ही रहा है, ऐसे में पांच किलोमीटर लंबी सड़क में साढ़े तीन किलोमीटर सड़क की गिट्टी उजड़ रही है। नीचे बिछाया गया पत्थर दिखाई दे रहा है। दस से पंद्रह दिनों के अंदर पूरी सड़क बर्बाद हो जाएगी। ग्रामीण कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई के साथ ही सड़क का निर्माण पुन: कराने की मांग कर रहे थे।
अधिशाषी अभियंता पीएमजेएसवाई एसके हरित ने ग्रामीणों को सड़क निर्माण ठीक कराने का आश्वासन देकर हंगामा शांत कराया। ग्रामीण करम चंद वर्मा, मन्नान अली, अय्यूब अली, चिनगी, सरवर अली, शकील खान, यूनुस अली, राममिलन, भोलानाथ आर्य, रिजवान, इदरीश अली, आसिफ अली, मेकाइल, गोबरे, मोहम्मद उमर अली व जिला पंचायत सदस्य हरीश जायसवाल का आरोप है कि यह सड़क ही नहीं बल्कि प्रधानमंत्री योजना से बनने वाली अन्य सड़कें भी मानक विहीन हैं। उसकी भी जांच होनी चाहिए। ग्रामीणों का कहना था कि ऐसे परसोहना मार्ग में भी बिना प्लांट के सड़क का निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए प्लांट होना आवश्यक है। ग्रामीणों ने डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग किया है।