श्रावस्ती। जश्न ए आजादी के महापर्व स्वतंत्रता दिवस पर रविवार को जिले के सरकारी, अर्द्धसरकारी कार्यालयों समेत विद्यालयों पर ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर सभी ने राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान कई स्थानों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी टीके शिबु ने स्वतंत्रता दिवस के 75वीं वर्षगांठ पर परंपरागत तरीके से ध्वजारोहण किया। इस मौके पर डीएम ने सभी को राष्ट्र के विकास को ध्यान में रखते हुए कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त, 1947 को अनगिनत भारतवासियों के अथक प्रयास और बलिदान से आजादी मिली। परिणामत: आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। आजादी सिर्फ गुलामी से मुक्ति नहीं है, बल्कि यह हमारे अस्तित्व के लिए भी जरूरी है। उन सभी वीर-वीरांगनाओं के लिए हम सदैव नतमस्तक रहेंगे। जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बगैर यह लड़ाई लड़ी। भारत वर्ष के सुनहरे भविष्य के लिए उनके कुछ सपने थे। स्वतंत्रता दिवस एक अवसर है। जब हम उन सपनों को साकार करने के लिए ईमानदारी, सच्चाई, पूर्ण निष्ठा और सद्भावना से अपनेे कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लें, ताकि उनका बलिदान व्यर्थ न जाए। विकास एक सामूहिक प्रयास है, स्वतंत्रता से लेकर अब तक हमने मिलकर विकास का एक लंबा रास्ता तय किया है। जिस दौरान हमने बहुत सी बाधाएं पार की हैं। आज इसी क्रम में वैश्विक महामारी कोरोना एक चुनौती के रूप में हमारे देश के सामने खड़ी है, जो रौद्र रूप ले चुकी है।
इसके साथ ही पुलिस कार्यालय में एएसपी बीसी दुबे, विकास भवन पर सीडीओ ईशान प्रताप सिंह, न्यायालय पर जिला जज ने ध्वजारोहण किया। वहीं बीएसए, एआरटीओ, सीएमओ, डीएफओ ने अपने कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया। तहसीलों पर एसडीएम, ब्लॉक पर बीडीओ ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट में एडीएम कमलेश चंद्र बाजपेयी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट परीक्षित खटाना, एसडीएम शिवध्यान पांडे, आशुतोष, वरिष्ठ कोषाधिकारी गिरीश कुमार, जिला आबकारी अधिकारी पीके गिरी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आश्रम पद्धति विद्यालय भयापुरवा की छात्रा गीता यादव व आश्रम पद्धति विद्यालय कटकुइंया के छात्र सौरभ राना ने देशभक्ति पर अग्रेंजी में भाषण दिया। जिन्हें डीएम ने पुरस्कृत किया। एडीएम के आशुलिपिक केके वैश्य ने देशभक्ति गीत गाया। मोहरनिया मोड़ की खुशबू व रोशनी ने शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु गीत प्रस्तुत किया। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए गोविंद शुक्ला एवं अमित कुमार गौतम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
क्रॉस कंट्री दौड़ में धर्मेंद्र व ममता रहीं अव्वल
स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट गेट से हरिहरपुरमोड़ तक 05 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें धर्मेन्द्र वर्मा प्रथम, मोहम्मद आलम द्वितीय तथा राजाराम यादव तृतीय स्थान पर रहे। वहीं स्टेडियम में 02 किमी. बालिका क्रॉस कंट्री दौड़ में ममता यादव प्रथम, रानी पाठक द्वितीय व रुचि देवी तृतीय स्थान पर रहीं। जिन्हें डीएम द्वारा ट्रैक सूट व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
75वें स्वतंत्रता दिवस पर एसपी ने पुलिस लाइन में किया ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस पर एसपी अरविंद कुमार मौर्य द्वारा पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर शपथ दिलाई गई। इस दौरान पुलिस विभाग में सराहनीय योगदान के लिए गृह मंत्रालय भारत सरकार का उत्कृष्ट, अति उत्कृष्ट सेवा पदक एसपी व कर्मचारियों को प्रदान किया गया। उत्कृष्ट सेवा पदक पाने वालों में निरीक्षक रमेश कुमार, उप निरीक्षक अनिल कुमार दीक्षित व अति उत्कृष्ट सेवा पदक पाने वालों में उपनिरीक्षक इंद्रदेव पांडे शामिल रहे। एसपी ने यूपी 112 में तैनात कर्मचारियों द्वारा किए गए सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। साथ ही सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को लोवर, टी-शर्ट प्रदान की गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर हौसिला प्रसाद, प्रतिसार निरीक्षक विनोद कुमार सिंह सहित सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे ।
विद्यालयों में भी रही कार्यक्रमों की धूम
जवाहर नवोदय विद्यालय भिनगा में आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर विद्यालय के प्राचार्य एके सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान हिंदी शिक्षक बीराम, डॉ. बीडी त्रिपाठी, विज्ञान शिक्षिका रिचा त्रिपाठी ने भाषण व कविता के माध्यम से अपने विचार रखे। कार्यालय अधीक्षक लक्ष्मण ने अमृत महोत्सव पर गीत व अन्य रचनाएं प्रस्तुत कीं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान इकौना में उप प्राचार्य कालीचरण भारती ने ध्वजारोहण किया। वहीं मदरसा अरबिया अनवारूल उलूम भिनगा, मदरसा अंजुमन इस्लामिया अहले सुन्नत वलजमात भिनगा, जगतजीत इंटर कॉलेज, अलक्षेंद्र इंटर कालेज, चौधरी श्यामता प्रसाद महिला महाविद्यालय, जनता इंटर कालेज पटना खरगौरा, नेहरू स्मारक इंटर कालेज, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कालेज सहित जिले के अन्य विद्यालयों में प्राचार्य व प्रबंधकों ने ध्वजारोहण किया।