सिरसिया (श्रावस्ती)। बलरामपुर बॉर्डर पर स्थित हथिया कुंडा नाले के निकट गुरुवार को कार व स्कॉर्पियों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। इसमें पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को सीएचसी सिरसिया लाया गया। जहां से बाद में उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया है।
जिले के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व सपा नेता रामअधार सोनकर (52) किसी कार्य से बलरामपुर गए थे। जहां से गुरुवार को वह अपनी स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। इस दौरान उनके साथ चंद्रशेखर (64) व अजय सोनकर (23) भी मौजूद थे। जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो सिरसिया तुलसीपुर मार्ग स्थित बलरामपुर सीमा क्षेत्र पर पड़ने वाले हथिया कुंडा नाले के निकट पहुंची। तभी सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई।
इस दौरान कार को बचाने के प्रयास में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सहित स्कॉर्पियों सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया लाया गया। जहां से उनकी हालत गंभीर होने के कारण तीनों को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया गया है। वहीं कार सवार बाल-बाल बच गया। घटना के बाद कार सवार मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।