श्रावस्ती। मल्हीपुर पुलिस ने शनिवार रात क्षेत्र भ्रमण के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों के कब्जे से पुलिस ने एक किलोग्राम गांजा बरामद किया। गिरफ्तार सभी आरोपी नेपाल के तस्कर बताए जा रहे हैं।
मल्हीपुर में तैनात प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन शनिवार रात गश्त पर निकले थे। इस दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के राप्ती बैराज के आगे लक्ष्मनपुर असनहरिया मार्ग से होकर कुछ नेपाली तस्कर आ रहे हैं। जिनके द्वारा गांजा व चरस आदि की तस्करी की जाती है। मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ने मातहतों के साथ नाकेबंदी कर नेपाल की तरफ से आ रहे तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जिनकी पहचान नेपाल राष्ट्र के थाना नारायणपुर अंतर्गत ग्राम बालापुर कला फांटा निवासी साहबान खान, मोहिउद्दीन खान व नेपाल के ही जिला बांके अंतर्गत नारयनापुर नौसहरा निवासी आजाद खान के रूप में हुई। इस दौरान पुलिस ने शहबान के कब्जे से 400 ग्राम व मोहिउद्दीन तथा आजाद के कब्जे से 300-300 ग्राम गांजा बरामद किया। जिनके विरुद्ध मल्हीपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है। (संवाद)