अहिरा गांव के निकट बिजली का तार चोरी करते समय खराब हुई फसल।
श्रावस्ती। सोनवा क्षेत्र के ग्राम अहिरा से धूमबोझी गांव तक बिजली के खंबों से हाईटेंशन लाइन का तार चोरी हो गया। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने इसकी सूचना विद्युत कर्मियों को दी। हालांकि अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है।
पूर्व में भिनगा से उल्लहवा उपकेंद्र के लिए बिजली के खंभे लगाकर हाईटेंशन लाइन बिछाई गई थी, लेकिन किसी कारण से लाइन चालू नहीं हो सकी थी। इसी विद्युत लाइन को रविवार रात में चोरों ने ग्राम अहिरा से धूमबोझी तक करीब 20 खंभों से चुरा लिया। साथ ही चोरों ने खेतों में लगी फसल भी तहस-नहस कर दी। वहीं बिजली का खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
सोमवार सुबह जेई धर्मेंद्र ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्राइवेट लाइनमैन करण सिंह ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर तार गायब होने की जानकारी दी है। इस संबंध में एसडीओ अनुज गुप्ता ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और थाने में तहरीर देकर कार्रवाई कराई जाएगी।
तार चोरी की घटना के बारे में उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई है। साथ ही पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से भी बात कर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
- राज नरायण, अधिशासी अभियंता विद्युत