स्वास्थ्य शिविर में पंजीकरण कराते मरीज।
कटरा। श्रावस्ती के चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज में रविवार को आयुष्मान सहायता शिविर लगा। बीएसएम वेलफेयर फाउंडेशन लखनऊ ने इसका आयोजन किया। शिविर में मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर दवाएं दी गईं।
शिविर में डॉ. एचके शुक्ला ने बताया कि 250 मरीजों की जांच कर उपचार किया गया। समाजसेवी स्वर्ण सिंह ने कहा कि शिविर का उद्देश्य मरीजों को आसानी से चिकित्सीय लाभ पहुंचाना है। साथ ही आधुनिक मशीनों से उनकी सेहत की जांच करना है। इस दौरान मरीजों को आयुष्मान कार्ड के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि आराध्या हॉस्पिटल लखनऊ और शेखर हॉस्पिटल लखनऊ ने श्रावस्ती जिले को गोद लिया है। यह पहल डॉ. रिचा मिश्रा की ओर से की गई है। इन अस्पतालों में जिले के मरीजों को बेहतर और रियायती दर पर इलाज मिलेगा। इस मौके पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार यादव, कौशल यादव, अंकुर गुप्ता, डॉ. अब्दुल, शुभम श्रीवास्तव, डॉ. सबरीन खान, मोहम्मद अहमद सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।