गिलौला(श्रावस्ती)। हरनामार निवासी एक व्यक्ति ने अपनी भूमि देने के लिए 1994 में इकरारनामा किया था। उसकी मृत्यु के बाद उसके पुत्र ने उस जमीन का बैनामा दूसरे के नाम कर दिया। शिकायत पर गिलौला पुलिस जांच कर रही है।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम सुबिखा के मजरा हरनामार निवासी पाटनदीन ने गांव के ही नानमून वर्मा से वर्ष 1994 में गाटा संख्या 556 में साढे आठ बिसवा भूमि गिलौना सिसवारा मार्ग के किनारे खरीदी थी। नानमून ने पाटनदीन के पक्ष में इकरारनामा लिखा था। जिसकी आधी भूमि पर पाटनदीन ने मकान बनवा लिया जबकि शेष भूमि खाली है।
नानमून की मृत्यु के बाद भूमि का बैनामा न होने के कारण उसकी वरासत उसके पुत्र राम भुलावन के नाम दर्ज हो गई। जिसने थाना क्षेत्र के रंकीपुरवा निवासी ताहिर के नाम भूमि का बैनामा कर दिया। मंगलवार को ताहिर भूमि पर कब्जा करने पहुंचा तब पाटनदीन को इसकी जानकारी हुई। बुधवार को पाटनदीन ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने बुला कर जांच कर रही है। (संवाद)
हिंदी देश की आत्मा
श्रावस्ती। तहसील भिनगा स्थित अधिवक्ता सभागार में बुधवार को एसडीएम भिनगा पीयूष कुमार जायसवाल की मौजूदगी में हिंदी सप्ताह का समापन कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मॉडल डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ओमप्रकाश शुक्ला ने की।
एसडीएम ने कहा कि हिंदी देश की आत्मा है। हमें चाहिए कि अपने बच्चों को हिंदी के प्रति प्रेरित करें। तहसीलदार विपुल सिंह ने हिंदी के महत्व व उपयोगिता के बारे में विचार रखे। कार्यक्रम को महामंत्री राजेंद्र प्रकाश पांडे, दिनेश शुक्ला, इंद्रसेन वर्मा, अशोक सिंह व दिनेश पांडे ने भी संबोधित किया।