यातायात माह के शुभारंभ पर पुलिस लाइन से वाहन रैली को हरी झंडी दिखाते एसपी
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। मार्ग दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला पुलिस की ओर से एक नवंबर से पुलिस यातायात माह मनाया जा रहा है। इसके लिए एसपी ने सोमवार को पुलिस लाइन में मोटर साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी दी।
पुलिस लाइन पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्या ने कहा कि शरद ऋतु का आगमन हो चुका है। इसके साथ सुबह शाम घना कोहरा भी पड़ेगा। ऐसे में खुद सुरक्षित रहें और दूसरों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक वाहन चालक को यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए। अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने कहा कि वाहन के सामने लाइट रिफलेक्टर का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए।
इससे दुर्घटनाओं की संभावना कम रहती है। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर व सीओ यातायात अतुल कुमार चौबे ने कहा कि एक नवंबर से प्रारंभ पुलिस यातायात माह के दौरान यदि कोई मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करता मिला अथवा वाहन पर अनाधिकृत रूप से सायरन, प्रेशर हार्न, गलत नंबर प्लेट, अपारदर्शी काली फिल्म, दो पहिया पर तीन सवारी, बिना हेलमेट, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करते कोई मिला तो उस पर कार्रवाई होगी।
वहीं ईदगाह तिराहे पर पुलिस ने पंफलेट वितरित कर लोगों से निर्धारित गति से तेज वाहन न चलाने, शराब के नशे में वाहन न चलाने, यातायात नियमों का अनुपालन करने की अपील की। इस दौरान जिला पुलिस द्वारा जागरूकता के लिए वाहन रैली भी निकाली गई। जो भिनगा नगर सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों मे भ्रमण कर लोगों को यातायात नियमों से जुड़ी जानकारी देगी। इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक विनोद कुमार सिंह, यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक रजनीश कुमार शुक्ला सहित काफी संख्या में पुलिस मौजूद रही।