प्राथमिक विद्यालय विदुहनी में खाना खाते बच्चे
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों का नवीन शिक्षा सत्र गुरुवार को प्रारंभ हो गया। विगत एक माह से बंद इन शिक्षा के मंदिरों के ताले खुले तो वहां ककहरा की गूंज सुनाई पड़ी। हालांकि पहले दिन छात्रों की उपस्थिति बेहद कम रही। इसके बावजूद बच्चों को शिक्षा के साथ ही मध्याह्न भोजन भी प्रदान किया गया। इस दौरान विद्यालय की स्थिति, शिक्षक व छात्रों की उपस्थिति जांचने के लिए कुछ परिषदीय विद्यालयों की रेंडम जांच भी कराई गई। जो एक सप्ताह तक चलेगी।
शिक्षा सत्र के पहले दिन कंपोजिट विद्यालय बनकटवा में 50 छात्र उपस्थिति मिले। जहां प्रधान शिक्षक रईस अहमद, शिक्षक यासिर अली, अनुज देवल, अनुदेशक ईश्वरदीन चौधरी मौजूद रहे। वहीं प्राथमिक विद्यालय बंघुसरी में सहायक अध्यापक दीपक कुमार गुप्ता बच्चों को पढ़ाते मिले। यहां पंजीकृत 80 के सापेक्ष 33 छात्र उपस्थिति थे। संविलियन प्राथमिक विद्यालय गोपालपुरवा एकघरवा में शिक्षक तो मौजूद थे लेकिन बच्चे दिखाई नहीं पड़े। जमुनहा के प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मनपुर गंगापुर में सभी शिक्षक उपस्थित मिले। यहां पंजीकृत 200 के सापेक्ष 14 बच्चे उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर और नल के बगल में गंदगी दिखी। यहां रसोईया और प्रधान ने एमडीएम की व्यवस्था नहीं की थी, जिससे एमडीएम नहीं बना था।
प्राथमिक विद्यालय कानीबोझी में सभी शिक्षक उपस्थित मिले। यहां 77 के सापेक्ष 8 बच्चे उपस्थित थे। शिक्षामित्र शबीना बेगम में बताया प्रधान शिक्षक इमरान हुसैन एमडीएम के लिए गैस सिलेंडर लेने गए हैं। एमडीएम नहीं बना था। प्राथमिक विद्यालय रामपुर बस्ती में तीन अध्यापक की तैनाती है जिसमें प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार, सहायक अध्यापक कृष्णकुमार दूबे व शिक्षामित्र रक्षाराम मौजूद मिले। यहां पंजीकृत 104 में 27 बच्चे ही आए थे। एमडीएम में तहरी बनी थी। विद्यालय में गंदगी की भरमार दिखी। प्राथमिक विद्यालय सेमरहना में 131 के सापेक्ष 53 बच्चे आये थे। जहां बच्चों के खाने के लिए सब्जी-रोटी बनाई गई थी। प्राथमिक विद्यालय बालकराम पुरवा में पंजीकृत 124 में केवल एक ही छात्र आया था।
इकौना के प्राथमिक विद्यालय बिदुहनी में पंजीकृत 450 के सापेक्ष में 80 बच्चे मौजूद थे। प्राथमिक विद्यालय पंडितपुरवा में 67 के सापेक्ष 15 बच्चे तो प्राथमिक विद्यालय महदेइया में 124 के सापेक्ष 5 बच्चे मौजूद थे। प्राथमिक विद्यालय (श्याम देवरिया) महदेइया में पंजीकृत 88 के सापेक्ष 35 बच्चे दिखे। संविलियन विद्यालय दसियापुर में 88 बच्चों के स्थान पर एक भी बच्चा मौजूद नहीं मिला।
प्राथमिक विद्यालय बंजरही में 136 के सापेक्ष 40 बच्चे मौजूद रहे।
वहीं कम्पोजिट विद्यालय बेलहा राघव में पंजीकृत 276 के सापेक्ष मात्र25 बच्चे मौजूद मिले। यहां की प्रधान अध्यापक सविता कालिया अवकाश पर थीं। प्राथमिक विद्यालय मरवाटिया में पंजीकृत 86 बच्चों के सापेक्ष 22 बच्चे मिले। सहायक अध्यापक दिक्षा गुप्ता विद्यालय में मौजूद नहीं मिलीं। संविलियन विद्यालय कन्या कटरा में पंजीकृत 316 बच्चों के सापेक्ष मात्र16 बच्चें मौजूद दिखे। यहां सहायक अध्यापक सुमन द्विवेदी अवकाश पर व शिक्षामित्र आशा चौधरी बिना किसी सूचना के गायब मिलीं।