खजुहा झुनझुनिया के मजरा बेलवा निवासी एक युवती की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची भिनगा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भिनगा क्षेत्र के ग्राम खजुहा झुनझुनिया के मजरा बेलवा निवासी चिनकू प्रसाद वर्मा की चार वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। सोमवार को चिनकू की पत्नी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने एक रिश्तेदार के घर गई थी। घर पर उसकी पुत्री अंजनी वर्मा (20) अपने भाई दशरथ सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ थी। प्रतिदिन की भांति सोमवार रात खाना खाकर अंजनी अपने कमरे का दरवाजा बंद कर सोई हुई थी।
ये भी पढ़े- UP: आप सांसद संजय सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं पर उठाए सवाल, बोले- वेंटिलेटर न होने से हर महीने हो रही बच्चों की मौत
ये भी पढ़े- UP: सीएम योगी बोले- अब बहराइच में गाजी का नहीं महाराजा सुहेलदेव और मां पाटेश्वरी का मेला लगेगा
मंगलवार सुबह जब काफी देर तक अंजनी कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिवार के लोगों ने आवाज दी। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर परिवार के लोगों ने दीवार में बने होल से देखा तो अंजनी का शव उसी के मां की साड़ी के फंदे के सहारे लटक रहा था। इसकी सूचना दशरथ ने अपनी मां सहित ग्राम प्रधान दिनेश यादव को दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची भिनगा पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अंजनी वर्मा तीन भाई व तीन बहनों में सबसे छोटी थी। बाकी बहनों का विवाह हो चुका है। युवती की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।