कटरा (श्रावस्ती)। तेज रफ्तार कंटेनर ने रविवार रात कटरा में मोटर साइकिल सवार को रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बलरामपुर जिले के गिद्धरैया सेवक रामपुरवा निवासी सत्येंद्र शुक्ला (35) पुत्र बजरंगी शुक्ला रविवार को किसी काम से इकौना की तरफ आया था। जहां से देर रात वह मोटरसाइकिल से वापस अपने घर जा रहा था। जैसे ही सत्येंद्र मोटर साइकिल लेकर बौद्ध परिपथ स्थित नवीन मॉडर्न थाना अंतर्गत कटरा चौराहे पहुंचा। तभी बहराइच से बलरामपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कंटेनर यूपी 21 सीएन 1561 ने बौद्ध परिपथ पर उसे टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची नवीन मॉर्डन थाना पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर थाने लाकर सीज कर दिया है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक रामपाल यादव का कहना है कि कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। जल्द ही चालक को जेल भेजा जाएगा। संवाद