श्रावस्ती। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत रिक्त पदों पर होने वाली निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान नामांकन कार्य शुरू हुआ। विकास खंड हरिहरपुररानी में जिला पंचायत के वार्ड नंबर आठ के रिक्त पद के लिए बुधवार को भाजपा प्रत्याशी ने अपना पर्चा दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी अवधेश वर्मा ने अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नामांकन कक्ष में पहुंचकर अपनी नामांकन प्रक्रिया को पूरा किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व सांसद व अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्र, एमएलसी डा. प्रज्ञा त्रिपाठी, जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी, जिलाध्यक्ष महेश मिश्र व पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कैराती समेत अन्य पदाधिकारी व नेता मौजूद रहे।
उपचुनाव में सदस्य जिला पंचायत के लिए वार्ड नंबर 8, सदस्य क्षेत्र पंचायत का एक पद और महिला विकास खंड सिरसिया के वार्ड नंबर 45 हेमपुर में रिक्त है। वहीं प्रधान ग्राम पंचायत के दो पद सिरसिया के रामपुर देवमन व खैरी तराई में रिक्त है। जबकि सदस्य ग्राम पंचायत के 56 पदों पर उपचुनाव होना है। इनमें से सिरसिया विकास क्षेत्र में तीन, हरिहरपुररानी में छह, जमुनहा में नौ, इकौना में 15 व गिलौला में 23 पद रिक्त है। इन पदों के लिए चार अगस्त को मतदान होना है।