जमुनहा (श्रावस्ती)। जमुनहा क्षेत्र के कोटेदार अब मध्याह्न भोजन व आंगनबाड़ी केंद्र की हाट कुक्ड योजना का खाद्यान्न नहीं उठाएंगे। इसका कारण कोटेदार विगत 20 वर्ष से एमडीएम व हाटकुक्ड के लिए आने वाले खाद्यान्न का भाड़ा व पल्लेदारी का भुगतान न मिलना बता रहे हैं। कोटेदारों ने गौरव पब्लिक स्कूल मल्हीपुर में बैठक कर बहिष्कार करने का निर्णय लिया।
बैठक के दौरान कोटेदार संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रताप पटेल ने कहा कि उनके द्वारा विगत 20 वर्ष से परिषदीय विद्यालयों के एमडीएम व आंगनबाड़ी केंद्र के हाटकुक्ड योजना के तहत आने वाले खाद्यान्न का उठान कर दिया जा रहा है। लेकिन क्षेत्र के सभी कोटेदारों को वर्ष 2002 से अब तक न तो एमडीएम व हाटकुक्ड के लिए आने वाले खाद्यान्न का भाड़ा मिला है और न ही पल्लेदारी। आंगनबाड़ी का राशन 2016 से कोटेदार उठान कर रहे है, लेकिन एक भी पैसा आज तक किसी भी कोटेदार को नही मिला। सरकार हम कोटेदारों को होम स्टेप डिलवरी से राशन दे रही है। ठीक उसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्र व विद्यालय का भी खाद्यान्न होम सिंगल स्टेज डिलवरी के माध्यम से दुकान पर दे। तब हम मानवीय आधार पर राशन का वितरण कर सकते हैं।
इस दौरान कोटेदारों ने ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में खंड विकास अधिकारी जमुनहा को एक ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें कोटेदारों ने अन्य प्रदेशों की भांति 300 रुपये कमीशन देने, कोटेदार की अन्य मांगों को पूरा करने तथा उनकी समस्याओं को दूर करने की मांग की है। इस दौरान अकलिम अली, जगदंबिका प्रसाद वर्मा, राजेश मौर्य, गुड्डू, रामदीन वर्मा, सलीम अहमद, अनीश, दिनेश यादव, मटरी लाल यादव, शरीफ खां, उमा शंकर, प्रताप नरायन मिश्रा, नंदकिशोर गुप्ता, अजय जायसवाल आदि कोटेदार मौजूद रहे।