इकौना (श्रावस्ती)। इकौना तहसील क्षेत्र ग्राम इकौना देहात में बौद्ध परिपथ से सटी तालाब की भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा अतिक्रमण कर प्लाटिंग कार्य के लिए रास्ता बनाया जा रहा था। इसकी शिकायत करते हुए हिंदू युवा वाहिनी की जिला इकाई के जिला महामंत्री केडी सिंह के नेतृत्व में 22 जून को एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी इकौना आरपी चौधरी को सौंपा गया था।
शिकायत को संज्ञान में लेते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा रविवार सुबह एक राजस्व निरीक्षक व 4 लेखपालों की टीम बना कर दुर्गा पूजा विसर्जन स्थली तालाब की भूमि की पैमाइश कराई गई। पैमाईश के बाद तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा होने की पुष्टि होने पर तत्काल दो जेसीबी मशीन व ट्रैक्टर ट्राली लगाकर अतिक्रमण को हटवा दिया गया है। साथ ही तालाब की भूमि को चिह्नित करते हुए उसके अगल बगल 6 फिट चौड़ा व गहरा गड्ढा खुदवा दिया गया है। जिससे उक्त तालाब की भूमि पर दोबारा अतिक्रमण ना हो सके।
इस बारे में उपजिलाधिकारी इकौना ने बताया कि तालाब की भूमि पर अतिक्रमण की सूचना मिली थी। जिसकी जांच करा कर अतिक्रमण हटवा दिया गया है। साथ ही दोषी व्यक्ति के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। तालाब की भूमि का मुख्यमंत्री के अमृत सरोवर योजना के तहत सुंदरीकरण कराया जाएगा। इस दौरान राजस्व निरीक्षक लालजी तिवारी, लेखपाल प्रदीप चौधरी, राजेन्द्र पाठक, विजय कुमार व राजेन्द्र पांडेय, हिन्दू युवा वाहिनी के पदाधिकारी समेत प्रभारी निरीक्षक इकौना संतोष तिवारी पुलिस तथा पीएसी के जवान मौजूद रहे।