जमुनहा/श्रावस्ती। इकौना के मटखनवा व मल्हीपुर के पटना के मजरा नई बस्ती में अलग-अलग कारणों से वृद्ध महिला व युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे बहराइच रेफर किया गया। जबकि युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
मल्हीपुर के ग्राम पटना के मजरा नई बस्ती निवासी सद्दाम (22) पुत्र इतरान ने मंगलवार को पारिवारिक कलह के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवारीजनों को इसकी जानकारी हुई। उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा बाद में बहराइच रेफर किया गया था। बहराइच में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं एक अन्य घटना में इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम मटखनवा निवासिनी फूलमती (62) पत्नी रामउग्गर ने कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया। सीएचसी इकौना से उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया था। यहां हालत में सुधार न होने पर फूलमती को जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया।