श्रावस्ती। जिले में चल रहे सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा अभियान की सफलता के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने मंगलवार को अंर्तविभागीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि 15 जून तक चलने वाले इस अभियान में कहीं कोई कमी न रहे। अभियान के दौरान लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें दवाएं देकर बीमारी से बचाव के उपाय भी बताए। साथ ही डायरिया पीड़ित रोगियों का उपचार कर उन्हें शत प्रतिशत ओआरएस व जिंक दवाओं का वितरण नियमित रूप से किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने कहा कि पखवाडे़ के दौरान पांच वर्ष से छोटे बच्चों के अभिभावकों को डायरिया की रोकथाम की जानकारी दी जाए। सभी प्राथमिक व जूनियर स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को सफाई की जानकारी दी जाए। आशा, एएनएम बच्चों को चिह्नित कर उनके घर के लोगों को ओआरएस के पैकेट देकर उनके प्रयोग की जानकारी दें। सामान्य डायरिया के इलाज के साथ गंभीर डायरिया रोगियों को पीएचसी, सीएचसी भेजा जाए। सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान घर-घर जाकर ओआरएस के पैकेट वितरित कर दस्त संबंधित भ्रांतियों को दूर किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाये। पखवाड़े के दौरान पूर्ण सावधानी बरती जाए और घर घर जाकर दस्त नियंत्रण के प्रति जागरूकता का कार्य किया जाए। सब सेन्टर जहां पर एएनएम न हो अथवा लंबी छुट्टी पर हो, अति संवेदनशील क्षेत्र अरबन स्लम, हार्ड टू रीच एरिया, खानाबदोश निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के परिवार ईंट भट्टे आदि पर रहने वाले परिवार, सफाई की कमी वाली जगहों पर निवास करने वाली जनसंख्या तथा ऐसे क्षेत्र जहां पूर्व में डायरिया आउट ब्रेक हुआ हो एवं बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्र, छोटे गांव या छोटे कस्बे जहां स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी हो, उन्हें लक्षित किया जाए। यह भी ध्यान रखा जाए कि पखवाड़े के दौरान कोई भी घर छूटने न पाए। इस दौरान सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।