श्रावस्ती। जिले में वाहन व पंपिंग सेट सहित अन्य सामान चुराने वाला गिरोह सक्रिय हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही है। इस दौरान मनवरिया दीवान जंगल से निकलकर साइफन जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने रविवार को चोरों की घेराबंदी किया। खुद को घिरता देख चोरों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस की घेराबंदी में दो चोरों पकड़े गये। इनके कब्जे से पुलिस ने चोरी का सामान व तमंचा बरामद किया।
मल्हीपुर थाने में तैनात प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह व निरीक्षक रामनवल यादव क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे। इस दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों पर तीन लोग संदिग्ध सामान लेकर मनवरिया दीवान जंगल से निकलकर साइफन के रास्ते से जा रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी की। इस दौरान दो मोटरसाइकिल आती दिखीं। रोकने पर बाइक सवार वाहन छोड़कर भागने लगे। घेराबंदी करने पर मुजम्मिल उर्फ सलीम ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने मुजम्मिल निवासी कानीबोझी व शकील निवासी लक्ष्मनपुर गंगापुर को गिरफ्तार कर लिया।
इनका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। इनके कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं, पूछताछ में मोटर साइकिल भी चोरी की निकली। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के दो पंपिंग सेट भी बरामद किए। एसपी अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों का संगठित गिरोह है। ये पहले क्षेत्र के गांवों में रेकी कर जानकारी एकत्र करते हैं। इसके बाद घटना को अंजाम देते हैं। गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। सभी को जेल भेज दिया गया है।