श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति व औद्योगिक व्यापारिक सुरक्षा फोरम की बैठक में जिम्मेदार अफसरों के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी जतायी है। इसे काम काज में शिथिलता मानते हुए बैठक से गायब मिले अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद भिनगा, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम श्रावस्ती व बहराइच, उपनिदेशक मंडी, अधिशासी अभियंता विद्युत एवं सचिव मंडी परिषद से लिखित स्पष्टीकरण तलब किया गया है। बैठक के दौरान जुटे उद्यमियों व कारोबारियों ने भिनगा से परिवहन निगम की बसों का नियमित संचालन न होने का मुद्दा उठाते हुए इनके नियमित संचालन की मांग भी की।
जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में दो, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में एक तथा ओडीओपी में स्वीकृत तीन आवेदन पत्रों पर ऋण स्वीकृत पर यथाशीघ्र ऋण वितरण कराने के लिए उपायुक्त उद्योग व अग्रणी जिला प्रबंधक इंडियन बैक को निर्देशित किया। बैठक में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले पांच अफसरों पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही चेताया कि यदि आगामी बैठक में भी लापरवाही के चलते अधिकारी नदारद मिले तो संबंधितों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के लिए सीधे शासन से संस्तुति की जाएगी। इस दौरान उद्यमियों द्वारा उठागीय गयी मांगों को संबंधित विभागों के पास समयबद्ध निस्तारण की ताकीद के साथ भेजा गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी कमलेश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, उपायुक्त उद्योग जेएन यादव, अग्रणी जिला प्रबंधक जेएन श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी, उद्यमी व कारोबारी मौजूद रहे।