इकौना (श्रावस्ती)। इकौना के चयपुरवा में मंगलवार दोपहर अज्ञात कारणों से एक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में आने से चौदह घर जलकर राख हो गए। प्रभारी निरीक्षक इकौना की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू किया। अग्नि कांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम जगरावलगढ़ी के मजरा चैपुरवा निवासी लाल प्रसाद पुत्र माता प्रसाद के घर में मंगलवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। लाल प्रसाद की चीखपुकार पर पहुंचे ग्रामीण जब तक काबू करते तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने पड़ोसी विश्राम, पंचराम, झलूशे, राजकुमार, राजकिशोर, प्रमोद, रामाधार, रामसमुझ, धीरज, शंकर, ननकऊ, ठगई व दिनेश के घरों को भी आगोश में ले लिया।
घटना की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक इकौना संतोष तिवारी ने इसकी सूचना अग्निशमन कर्मियों को दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू किया। अग्निकांड में बीस लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। वहीं, क्षेत्रीय लेखपाल राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन किया।